उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का अनुष्ठान पूरा हुआ। अब बारी अपने भीतर के सूर्य को जाग्रत करने की है। ताकि बात छठ महापर्व के मौके पर सूर्यदेव की उपासना तक ही सीमित न रह जाए। हमारे भीतर का सूर्य’ वह शक्ति, जो ऊष्मा के रूप में उपस्थित है और जिसकी बदौलत जीवनी शक्ति बनी रहती है। तभी तो इस सूर्य को जाग्रत करने की अवधारणा हमारी वैदिक परंपरा का हिस्सा रही है। ऋग्वेद के सूर्य-सूक्त की पहली ऋचा में ही सूर्य को चर और अचर, समूचे जगत की आत्मा घोषित किया गया है। योगशास्त्र में उसी का व्यावहारिक रुप है – सूर्य नमस्कार।
हमारी परंपरा में आकाश में चमकता सूर्य केवल आकाशीय पिंड नहीं, बल्कि उस परम सत्ता का दृश्य प्रतीक है, जो पूरी सृष्टि का निर्माण, पालन और संहार करती है। जब हम यौगिक सूर्य नमस्कार करते हैं, तो यह केवल शरीर का व्यायाम भर नहीं रहता, बल्कि हमारे भीतर छिपी दिव्य जीवनी-शक्ति जागृत होती है। इसके फलस्वरुप हमारी चेतना विराट ब्रह्मांडीय चेतना से जुड़ जाती है। सूर्य नमस्कार के अभ्यास के दौरान बारह मुद्राओं के साथ जिन बारह मंत्रों का उच्चारण किया जाता हैं, जैसे ‘ॐ मित्राय नमः’ या ‘ॐ भानवे नमः’, वे केवल सूर्य के अलग-अलग नाम नहीं हैं, बल्कि उस शाश्वत प्राण-ऊर्जा के संवाहक होते हैं, जिनसे साधक का मन शांत होता है और आध्यात्मिक प्रकाश का उदय होता है।
सूर्य नमस्कार अपने आप में संपूर्ण योगाभ्यास है, जिसे नियमित रूप से करने से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। बारी-बारी से आगे तथा पीछे मुड़ने वाले इन आसनों के माध्यम से शारीरिक अंगों तथा मेरुदण्ड में काफी खिंचाव होता है। इससे वे लचीले बनते हैं। यह प्राचीन पद्धति स्वास्थ्य, मानसिक शांति और प्राणिक ऊर्जा के विस्तार में सहायक होती है। इस अभ्यास में प्रत्येक मुद्राओं का संबंध विशिष्ट मंत्रों, रंगों और चक्रों से होता है। इसलिए, सूर्य नमस्कार के लाभ बहुस्तरीय हैं।
इस अभ्यास का सबसे गहरा और सकारात्मक असर हमारे मेरुदंड यानी रीढ़ की हड्डी पर होता है। हमारी रीढ़ तैंतीस छोटी हड्डियों (कशेरुकाओं) और उनके बीच स्थित गद्देदार डिस्क से मिलकर बनी है। सूर्य नमस्कार के दौरान जब हम बारी-बारी से आगे और पीछे झुकते हैं, तो इन हड्डियों के बीच रक्त का संचार बढ़ जाता है। इससे रीढ़ की डिस्क को पोषण मिलता है, वह लचीली बनी रहती है और शरीर के झटकों को सहने की उसकी क्षमता मजबूत होती है।
इसके साथ ही, इस अभ्यास से गर्दन से लेकर कमर तक रीढ़ के चारों स्वाभाविक घुमावों को सहारा देने वाली मांसपेशियों को ताकत मिलती है। आजकल घंटों कुर्सी पर बैठकर काम करने या गलत तरीके से उठने-बैठने से रीढ़ में जो अकड़न और टेढ़ापन आ जाता है, वह इस अभ्यास से धीरे-धीरे दूर होने लगता है। एक बात और। योग विज्ञान की दृष्टि से देखें तो मेरुदंड के भीतर ही मुख्य ऊर्जा मार्ग यानी सुषुम्ना नाड़ी स्थित है। जब रीढ़ लचीली और तनावमुक्त रहती है, तो इससे निकलने वाली तंत्रिकाएं सक्रिय होती हैं और भीतर की प्राण-ऊर्जा के ऊपर उठने का रास्ता साफ होता है।
मांसपेशियों के स्तर पर भी सूर्य नमस्कार का प्रभाव अनूठा है। आधुनिक जिम के व्यायामों के प्रभावों के विपरीत मांसपेशियों के तंतुओं में लयबद्ध खिंचाव और संतुलन होता है। इस श्रृंखला के हर आसन की अपनी एक खास भूमिका है। जब हम हस्तउत्तानासन में पीछे झुकते हैं, तो छाती और पेट की मांसपेशियां पूरी तरह खुलती हैं, जिससे फेफड़ों की सांस लेने की क्षमता बढ़ती है और झुके हुए कंधे सीधे होते हैं। इसके ठीक बाद पादहस्तासन में आगे झुकने पर जांघों के पिछले हिस्से, पिंडलियों और रीढ़ के आसपास की मांसपेशियों में गहरा खिंचाव आता है, जिससे पीठ की जकड़न मिटती है और पेट के भीतरी अंगों की हल्की मालिश हो जाती है।
इसी क्रम में अश्व संचालनासन से श्रोणि क्षेत्र और जांघों की मांसपेशियां सक्रिय होती हैं तो शरीर संतुलित होता है, जबकि पर्वतासन से पिंडलियों, एड़ी की नसों कंधों व बाहों को मजबूती मिलती है। अष्टांग नमस्कार में जब शरीर के आठ अंग भूमि को स्पर्श करते हैं, तो भुजाओं, कंधों और छाती को बल मिलता है, वहीं पीठ की मांसपेशियों को गहरा विश्राम प्राप्त होता है। भुजंगासन से पेट की मांसपेशियों की मालिश होती है, बाहों को शक्ति मिलती है और पीठ की मांसपेशियों का तनाव दूर होता है। यही नहीं, रीढ़ के हर जोड़ सहजता से खुल जाते हैं। इस तरह सूर्य नमस्कार के एक चक्र से सिर से लेकर पैर तक पूरे शरीर की मांसपेशियां और तंत्रिका तंत्र एक सूत्र में पिरो जाते हैं और उत्तम स्वस्थ की प्राप्ति होती है।
बिहार योग विद्यालय के संस्थापक परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती की “सूर्य नमस्कार” पुस्तक सूर्य नमस्कार योग के लिहाज से अनुपम पुस्तक है। इसमें इस योग की वैज्ञानिक विधियों से लेकर शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक उपलब्धियों के अनुभवात्मक और वैज्ञानिक साक्ष्य प्रस्तुत किए गए हैं। उन्होंने सीमित साधनों के बावजूद विदेशों की यात्राएं करके अपने अनुभवों को विज्ञान की कसौटियों पर परखा और उसे योग साधकों के लिए सुलभ करा दिया था। बाद के वर्षों में विभिन्न प्रयोगशालाओं में सूर्य नमस्कार पर वैज्ञानिक अध्ययन एक गए तो स्वामी सत्यानंद सरस्वती की स्थापनाओं की ही प्रकारांतर से पुष्टि होती गई।
स्वामी जी अपने शिष्यों से कहते थे, “सूर्य नमस्कार को नाश्ता के पहले के टॉनिक की तरह इस्तेमाल में लाओ। पर, यदि कोई बीमारी हो, जैसे हृदय रोग, या मेरुदंड व आंतों की समस्याएं तो चिकित्सक की सलाह से ही योगाभ्यास करो। एक बात ध्यान रखना कि सूर्य नमस्कार के बाद श्वास की सजगता के साथ शवासन का अभ्यास जरुर करना। पूर्ण शिथिलीकरण की एक यौगिक विधि के रूप में शवासन का अभ्यास करने से तनावों को दूर करने में सहायता मिलती है।“
एक सूर्य नमस्कार से इतने साऱे लाभ मिलने के कारण ही शैक्षणिक संस्थानों का भी सूर्य नमस्कार पर ज्यादा जोर रहता है। छात्रों को भी यह खूब भाता है। सूर्य नमस्कार यौगिक अमृत है। सनातन धर्म की खासियत है कि वह बिना किसी भेदभाव के मानव जाति को ऐसी जीवनोपयोगी विधियां उपलब्ध कराता है कि उस पर अमल करने से जीवन खुशहाल हो जाता है।
(लेखक योग व अध्यात्म विज्ञान विश्लेषक हैं।)

