भगीरथ की कथा हम सबने सुनी है। उन्होंने गंगा को धरती पर उतारने के लिए कठोर तप किया। नतीजतन पतित पावनी गंगा धरती पर उतरने को तैयार हो गईं। लेकिन समस्या थी कि वेगवती गंगा के प्रबल प्रवाह से धरती की रक्षा कैसे होगी? तब भगीरथ की प्रार्थना पर भगवान शिव ने गंगा को अपनी जटाओं में धारण किया और इस प्रकार पतित-पावनी गंगा धरती पर उतर सकीं। पर, दो बातों पर गौर कीजिए। भगीरथ ने गंगा को धरती पर उतारने के लिए तप भी किया और उन्हें जीवनदायिनी बनाने का सुरक्षित मार्ग भी तैयार किया।
आध्यात्मिक जगत में पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का जो अवदान है, उसे भी भगीरथी प्रयास की कहा जाए तो अतिश्योक्ति न होगी। तभी वे अखिल विश्व गायत्री परिवार का ताना-बाना तैयार करके लोककल्याण के लिए इतने महान कार्य कर पाए। उसी अखिल विश्व गायत्री परिवार के लिए यह वर्ष युगांतकारी अवसर की तरह है। इस वर्ष संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की तपश्चर्या के 100 वर्ष पूरे हुए। उन्होंने जो अखंड दीप प्रज्जवलित की थी, उसके भी 100 वर्ष पूरे हुए। साथ ही, भगवती देवी शर्मा की 100वीं जयंती है। आचार्यजी ने जिस वैचारिक और आध्यात्मिक भूमि को तैयार किया, माताजी ने अपने वात्सल्य, समर्पण और संगठन कौशल से उसे सींचा था। दिल्ली से लेकर हरिद्वार तक आयोजित किए जा रहे भव्य जन्मशताब्दी समारोहों में उस तप, ज्ञान और मातृभाव के समन्वय की झांकी दिखती है। लेकिन आज जिस आध्यात्मिक आंदोलन का इतना विराट स्वरूप दिखाई देता है, उसकी शुरुआत पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के आत्म-जागरण और तपश्चर्या से हुई थी।
सन् 1923 में महामना पंडित मदनमोहन मालवीय से गायत्री मंत्र की दीक्षा प्राप्त करने वाले पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के आध्यात्मिक जीवन में सन् 1926 की वसंत पंचमी को नया मोड़ आया। स्वामी सर्वेश्वरानंद ने उन्हें दर्शन दिए। उसी दिन उन्होंने चौबीस-चौबीस लाख के चौबीस गायत्री महापुरश्चरण करने का संकल्प लिया और अखंड दीप जलाया। यही तपश्चर्या आगे चलकर एक व्यापक आध्यात्मिक आंदोलन की आधारभूमि बनी। श्रीमद्भगवद्गीता में तप को शारीरिक साधना तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि मन की प्रसन्नता, सौम्यता, आत्मसंयम और भावों की शुद्धि को मानसिक तप की संज्ञा दी गई है। पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के ऐसे ही शाश्वत चिंतन व साधना के कारण अंतःकरण में ‘हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा’ का ऋषि-संकल्प अंकुरित हुआ।
पर, प्रश्न यह था कि यह आध्यात्मिक आलोक जन-जन के अंतर्मन तक कैसे पहुँचे और लोक-मानस का परिष्कार किस प्रकार हो? इस हेतु आचार्य जी ने सर्वप्रथम ‘अखंड ज्योति’ पत्रिका के माध्यम से ‘विचार क्रांति’ का शंखनाद किया और विपुल आध्यात्मिक एवं समाजोन्मुखी साहित्य का सृजन किया। इसका एकमात्र ध्येय मनुष्य को स्वाध्याय और आत्म-निरीक्षण के लिए जागृत करना था। ताकि वह अपने भीतर के काम, क्रोध, लोभ और पूर्वाग्रहों का शोधन कर सके, और इस आत्म-जागृति से उपजा विवेक परिवार एवं समाज के नवनिर्माण की आधारशिला बन सके। आचार्य जी के साहित्य में उनकी तपस्या और साधना से उपजी अनुभूतियाँ अभिव्यक्त हुई। उसमें चिंतन की गहराई, कल्पना की उड़ान, भावों की समृद्धि और तर्क की स्पष्टता के साथ मानव जीवन के उत्कर्ष के सूत्र भी थे।
नतीजा हुआ कि विचारों की उर्वर भूमि तैयार हो गई। तब आचार्य जी ने इस ध्येय के प्रति समर्पित संवेदनशील लोगों को एक सूत्र में पिरोकर एक संगठित आध्यात्मिक आंदोलन खड़ा किया। सन् 1953 में मथुरा में गायत्री तपोभूमि की स्थापना हुई। सन् 1958 के सहस्रकुंडीय गायत्री महायज्ञ ने गायत्री परिवार को व्यापक सांगठनिक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सन् 1971 में हरिद्वार में शांतिकुंज की स्थापना हुई। ये संस्थान साधना, संस्कार तथा लोकसेवा के प्रशिक्षण केंद्र बने। नारी जागरण, स्वावलंबन, व्यसनमुक्ति और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन जैसे रचनात्मक आंदोलनों के कारण युग निर्माण मिशन को व्यापक जनाधार मिला। वहीं, ब्रह्मवर्चस शोध संस्थान की स्थापना से अध्यात्म के विभिन्न पक्षों को वैज्ञानिक शोध की कसौटी पर परखने के आचार्य जी के संकल्प को संस्थागत आधार मिला।
पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने जब युग निर्माण के अद्भुत सूत्र, ‘हम बदलेंगे, युग बदलेगा’ और ‘हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा’ दिए थे, तो पहली नजर में ये किसी आदर्शवादी कल्पना की तरह लगते थे। पर इनके पीछे भारतीय ऋषियों का गहन चिंतन था। ऐतरेय ब्राह्मण में कहा गया है कि सोया हुआ मनुष्य कलियुग की अवस्था में है, जागने का उपक्रम करने वाला द्वापर में, उठ खड़ा होने वाला त्रेता में और निरंतर कर्मशील रहने वाला सतयुग की अवस्था में होता है। यानी, युग की संकल्पना केवल कालगणना तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका संबंध मनुष्य की चेतना और कर्मशीलता से भी है। प्राचीन राजतंत्र में राजा का आचरण प्रजा को प्रेरित करता था। लेकिन लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक अपने आचरण, निर्णयों और सामाजिक व्यवहार से अपने समय का चरित्र गढ़ता है। इसलिए आचार्य जी ने सबको अपने परिवार और समाज का ‘युग-निर्माता’ माना और उनमें सद्गुणों का विकास करने का बीड़ा उठाया था।
वे जानते थे कि विचारों का परिवर्तन तभी स्थायी हो सकता है, जब मनुष्य को अपने अंतःकरण के परिष्कार की साधना भी सुलभ होगी। इसलिए उन्होंने गुरु मंत्र के रूप में मिले गायत्री महामंत्र और यज्ञ को लोकमानस के परिष्कार का माध्यम बनाया। वे गायत्री को उस आद्य चेतना शक्ति के रूप में देखते थे, जिससे सृष्टि का उद्भव हुआ और जिसका ज्ञान ऋषियों की वाणी में चारों वेदों के रूप में प्रकट हुआ। वे कहते थे कि गायत्री मंत्र अपने चौबीस अक्षरों में एक समग्र धर्म-दृष्टि समेटे हुआ है। यही विचार कर्मयोग में परिणत हुआ तो सद्बुद्धि की उपासना का एक व्यापक लोकव्यापी आंदोलन खड़ा हो गया। इस तरह आचार्य जी ने अपने भगीरथी प्रयासों से गायत्री महाविद्या की धारा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए अपना जीवन लगा दिया।
अब उस धारा को अपने जीवन में उतारने की जिम्मेदारी हमारी है। सौ वर्ष पहले प्रज्ज्वलित अखंड दीप की ज्योति आज भी जल रही है। लेकिन क्या उस ज्योति का प्रकाश हमारे चिंतन, चरित्र और व्यवहार में भी दिखाई दे रहा है? जिस संत ने मनुष्य को परिमार्जित करके युग बदलने का स्वप्न देखा था, उसकी तपश्चर्या की शताब्दी पर इससे अधिक प्रासंगिक प्रश्न भला और क्या हो सकता है?
(लेखक योग व अध्यात्म विज्ञान विश्लेषक हैं।)

