प्रवासन और आधुनिकीकरण की तेज रफ्तार के बीच जब अनेक लोकपरंपराएँ अपनी पहचान बचाने के लिए संघर्ष कर रही हैं, तब छठ महापर्व ने न केवल अपनी सांस्कृतिक जड़ों को सुरक्षित रखा है, बल्कि देश की सीमाओं से आगे बढ़कर वैश्विक पहचान भी बनाई है। इसकी आध्यात्मिक गहराई, लोकजीवन से जुड़ाव और सामूहिक आस्था की शक्ति का ही प्रभाव है कि भारत सरकार ने इसे यूनेस्को की विश्व अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल कराने के लिए औपचारिक नामांकन प्रस्तुत किया है। यह पहल छठ की उस जीवंत सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिसने पीढ़ियों से लाखों लोगों को अपनी जड़ों से जोड़े रखा है।
सृष्टि के आरंभ से ही सूर्योपासना मानव की आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता की सहज अभिव्यक्ति रही है। छठ पूजा इसी प्राचीन परंपरा का जीवंत रूप है, जो आज लोक आस्था के महापर्व के रूप में प्रतिष्ठित है। किंतु आस्था को केवल भावनात्मक विश्वास मानकर उसकी गहराई नहीं समझी जा सकती। योग और आध्यात्मिक परंपराओं में अनाहत चक्र को प्रेम, करुणा, विश्वास, समर्पण और भक्ति का प्रतीकात्मक केंद्र माना गया है। ये सभी आस्था के मूल तत्व हैं। हम जानते हैं कि बिना विवेक के आस्था अंधी और खतरनाक हो सकती है। लेकिन छठ महापर्व को लेकर हमारे मन में विवेकपूर्ण आस्था होती है। तभी व्रतियों की आस्था नाना रुपों में श्रेष्ठ परिणाम देती है।
छठ महापर्व से जुड़ी पौराणिक कथा का आध्यात्मिक संदेश भी कुछ ऐसा ही है। श्रीमद्देवीभागवत महापुराण के अनुसार, राजा प्रियव्रत संतानहीन थे। महर्षि कश्यप के मार्गदर्शन में पुत्रेष्टि यज्ञ किया, किंतु रानी मालिनी ने मृत शिशु को जन्म दिया। पुत्र-वियोग में राजा अपना ज्ञान और विवेक तक खो बैठे। तभी षष्ठी देवी, जिन्हें देवसेना भी कहा गया है, प्रकट हुईं और पूरी आस्था से सूर्योपासना करने का आदेश दिया। पौराणिक ग्रंथों के अनुसार, षष्ठी देवी संतान रक्षा की अधिष्ठात्री देवी हैं। सृष्टि की आद्य सृजनात्मक शक्ति के छठे अंश से उत्पन्न होने के कारण उन्हें षष्ठी देवी कहा गया और सूर्य की उपासना से ही उनकी कृपा प्राप्त होती है। राजा-रानी ने षष्ठी देवी कहे मुताबिक सूर्यदेव के साथ ही उनकी भी आराधना के लिए व्रत किया। परिणाम स्वरुप स्वस्थ शिशु का जन्म हुआ था। चूंकि राजा-रानी ने कार्तिक शुक्ल षष्ठी को व्रत किया था। इसलिए उसी दिन छठ पूजा करने का प्रचलन हो गया।
वैदिक ग्रंथों में सूर्य की महिमा का व्यापक वर्णन है। यजुर्वेद में प्रार्थना है, “हे तेजस्वी सूर्य! जैसे आप देवताओं में प्रकाशमान हैं, वैसे ही मैं भी मनुष्यों में तेजस्वी बनूँ।” यह मंत्र केवल सूर्य की स्तुति नहीं, बल्कि मनुष्य के भीतर ज्ञान और तेज के विकास की आकांक्षा की अभिव्यक्ति भी है। वैदिक परंपरा में सूर्य जीवन, ऊर्जा और सृष्टि की निरंतरता का प्रतीक हैं। छठ महापर्व में अस्ताचलगामी और उदयगामी, दोनों सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा इसी व्यापक जीवन-दृष्टि के अनुरुप है। अस्त होते सूर्य से जीवन में परिवर्तन की स्वाभाविकता का बोध होता है, तो उदित होते सूर्य से नई आशा और सृजन का संदेश मिलता है। समय के साथ सूर्योपासना के विविध रूप विकसित हुए। कर्ण और द्रौपदी की सूर्य-आराधना तथा मिथिलांचल में माता सीता को प्रथम छठ व्रती मानने की लोकमान्यताएँ इसी सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ी हैं। इस प्रकार छठ महापर्व में वैदिक सूर्योपासना की भावना और लोकआस्था का सुंदर समन्वय है।
छठ पूजा का प्रत्येक लोकगीत आध्यात्मिक दृष्टि से गहरा अर्थ समेटे हुए है। इनमें सूर्यदेव यानी दीनानाथ और छठी मईया की महिमा के साथ लोकजीवन के सुख-दुख, आशा, विश्वास और करुणा की मार्मिक अभिव्यक्ति है। किसी गीत में संतानहीन स्त्री की गोद भरने की प्रार्थना है, तो किसी गीत में दृष्टिहीन को ज्योति और रोगी को स्वस्थ काया मिलने की कामना। इसी तरह, किसी गीत में उदयमान सूर्य को संसार में प्रकाश के साथ मनुष्य की कर्मचेतना जगाने वाला बताया गया है, तो किसी गीत में परिवार के प्रत्येक सदस्य की सुख-समृद्धि और दीर्घायु के लिए मंगलकामना की गई है।
इन गीतों में भक्ति के साथ आत्मशुद्धि का संदेश भी छिपा है। जैसे, “केलवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मेड़राय…” गीत में नैवेद्य की पवित्रता को लेकर सजग व्रती के मन में सुग्गे को देखकर क्रोध उत्पन्न होता है और मन में विचार आता है कि तोते को धनुष से मूर्छित कर देना चाहिए। इस विचार मात्र से तोता मूर्छित होकर गिर पड़ता है। कथा है कि सुग्गे के मूर्छित होने पर उसकी संगिनी सुगनी विलाप करने लगती है। यह देखकर व्रती का हृदय पिघल उठता है। व्रती सूर्यदेव से प्रार्थना करती है और लोककथा के अनुसार, उनकी कृपा से सुग्गे को पुनर्जीवन मिलता है। छठ के लोकगीतों का गहरा आध्यात्मिक संदेश है कि सच्ची उपासना केवल मनोकामनाओं की पूर्ति या अनुष्ठानों की पवित्रता तक सीमित नहीं है। उसकी सार्थकता तभी है, जब मन का मैल मिटे, अहंकार और क्रोध का क्षय हो तथा हृदय में प्रेम, करुणा और समस्त प्राणियों के कल्याण की भावना जागृत हो। यही छठ महापर्व की लोक आस्था का वास्तविक सौंदर्य है।
छठ महापर्व का आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संदेश इतना व्यापक है कि इसकी महत्ता की व्याख्या अनेक दृष्टियों से की जा सकती है। किंतु आधुनिक युग में इसका सबसे प्रासंगिक संदेश अस्ताचलगामी सूर्य की आराधना में निहित है। संसार की सामान्य प्रवृत्ति उगते सूर्य को प्रणाम करने की है, क्योंकि वह प्रकाश, शक्ति और सफलता का प्रतीक है। लेकिन विश्व को वैदिक ज्ञान की महान विरासत देने वाली भारतीय संस्कृति डूबते सूर्य का भी सम्मान करना सिखाती है। यह केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि जीवन का गहरा दर्शन है। जो आज शिखर पर है, वह कल ढलान पर भी होगा। इसलिए सम्मान का आधार केवल सफलता, सामर्थ्य और वैभव नहीं, बल्कि जीवन के प्रति कृतज्ञता और समभाव होना चाहिए। छठ महापर्व का यही संदेश आधुनिक युग में ज्यादा अर्थपूर्ण है। इससे हमें शिक्षा मिलती है कि जीवन के उत्कर्ष और अवसान, दोनों का अपना महत्व है और दोनों ही समान आदर के अधिकारी हैं। छठी मईया सबका भला करें।
(लेखक योग व अध्यात्म विज्ञान विश्लेषक है)

